किसान से लूटपाट: पेशाब करने रुका, बदमाशों ने घेरकर 25 हजार लूटे धमतरी के कुरूद थाना क्षेत्र की घटना, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार


 

धमतरी, छत्तीसगढ़। कुरूद थाना क्षेत्र में एक किसान से दिनदहाड़े लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बैंक से पैसा निकालकर लौट रहे किसान को बदमाशों ने पेशाब करने के दौरान बंधक बनाकर 25 हजार रुपये लूट लिए। घटना 17 जून की बताई जा रही है।

पीड़ित रामेश्वर सतनामी अपने बेटे कोमेश दास के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा की कुरूद शाखा से पैसा निकालकर घर लौट रहा था। रास्ते में वृंदावन तालाब के पास पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में वह पेशाब करने के लिए रुका, तभी तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया।

बदमाशों ने किसान को धमकी दी कि यदि विरोध किया तो पत्थर से हमला कर देंगे। डर के मारे किसान कुछ नहीं कर सका और आरोपियों ने उसकी जेब से 25 हजार रुपये निकाल लिए। घटना के बाद किसान ने कुरूद थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी यज्ञ उर्फ जीवा दीवान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके दो साथी — बंठा और धर्मेन्द्र नेये — फरार हैं। पुलिस की टीमें दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और लूट की रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, जहां दिनदहाड़े ऐसी वारदात को अंजाम दिया गया और किसान को लक्षित किया गया। ग्रामीणों ने भी इस घटना को लेकर आक्रोश जताया है और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post