रायपुर। एक चौंकाने वाले मामले में कांग्रेस नेता हसन आबिदी द्वारा ACB-EOW में पहुंच का दावा करते हुए एक पटवारी की पत्नी और रियल एस्टेट कारोबारी से मोटी रकम वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपी ने उन्हें फर्जी रिश्वत मामले में फंसाने की धमकी देकर 70 लाख रुपए नकद वसूल लिए, साथ ही 3500 वर्गफुट जमीन भी अपने करीबी के नाम करवा ली। अब वह 2.5 करोड़ रुपए की और मांग कर रहा था।
धमकियों से परेशान होकर की पुलिस में शिकायत
देवपुरी निवासी राजेश सोनी ने टिकरापारा थाने में इस पूरे प्रकरण की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बुधवार रात कांग्रेस नेता हसन आबिदी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पटवारी को घूस केस में फंसाने की धमकी
पीड़ित राजेश सोनी की पत्नी सारिका सोनी एक शासकीय पटवारी हैं। राजेश ने बताया कि फरवरी 2025 से अब तक हसन लगातार उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी खुद को ACB और EOW में रसूखदार बताता था और दावा करता था कि उनकी पत्नी पर भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज हो चुकी है। साथ ही कहता था कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उनकी पत्नी को फर्जी ट्रैप में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा और नौकरी से निकाल दिया जाएगा।
3500 वर्गफुट जमीन भी हड़पी
राजेश ने बताया कि लगातार धमकियों से डरकर उन्होंने न केवल 70 लाख रुपए दिए, बल्कि सिमरन सिटी, भाठागांव की 3500 वर्गफुट जमीन भी हसन के परिचित के नाम रजिस्ट्री करवा दी। हसन बार-बार कहता था कि उनके घर पर ईडी, सीबीआई और ACB की रेड करवाई जाएगी।
मानसिक तनाव से बीमार पड़ी पत्नी
लगातार धमकियों और ब्लैकमेलिंग से राजेश का पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को पैनिक अटैक आने लगे हैं और इलाज चल रहा है। आरोपी हसन घर पर दलालों को भेजकर भी दबाव बना रहा था।
कई विभागों से भी की वसूली
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हसन आबिदी ने सिर्फ इस परिवार से ही नहीं, बल्कि कई अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों से भी ब्लैकमेलिंग कर रकम वसूली है। आरोपी के घर से पुलिस ने छापेमारी में कई अहम दस्तावेज, नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस अब आरोपी की अन्य ब्लैकमेलिंग गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
राजनीतिक रसूख का फायदा उठाने का आरोप
हसन आबिदी खुद को कांग्रेस पार्टी से जुड़ा बताता है और सोशल मीडिया पर उसके कई बड़े नेताओं के साथ फोटो भी मौजूद हैं। इन्हीं तस्वीरों को दिखाकर वह लोगों पर दबाव बनाता था। ये तस्वीरें अब वायरल हो रही हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
पुलिस जुटी गहराई से जांच में
टिकरापारा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
