हैदराबाद में डायरेक्टर पद दिलाने का झांसा देकर 60 लाख की ठगी: भिलाई की महिला से आरोपी ने की ऑनलाइन फ्रॉड, दुर्ग पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर किया गिरफ्तार


 

दुर्ग/हैदराबाद। हैदराबाद में बड़े अस्पताल प्रोजेक्ट में डायरेक्टर पद दिलाने का सपना दिखाकर भिलाई की एक महिला से 60 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिद्धार्थ गौड़ा को साइबराबाद से ट्रांजिट रिमांड पर लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पीड़िता को डायरेक्टर बनाने का दिया था लालच

जानकारी के मुताबिक, सुपेला क्षेत्र निवासी विनीता गुप्ता की मुलाकात साल 2023 में तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के निवासी सिद्धार्थ गौड़ा से हुई थी। आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित मेडिकल बिजनेसमैन बताते हुए हैदराबाद में एक बड़े अस्पताल प्रोजेक्ट की बात कही। इसके बाद उसने महिला को डायरेक्टर पद दिलाने का झांसा देकर भरोसा जीत लिया।

किश्तों में ट्रांसफर किए 60 लाख रुपए

सिद्धार्थ की बातों में आकर विनीता गुप्ता ने करीब 60 लाख रुपए अलग-अलग किश्तों में सीधे उसके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब वह प्रोजेक्ट साइट देखने हैदराबाद पहुंची तो आरोपी ने किसी अन्य प्रोजेक्ट की साइट को अपना बताकर भ्रमित किया।

सच्चाई सामने आने पर दर्ज कराया मामला

प्रोजेक्ट की असलियत सामने आने पर विनीता ने अक्टूबर 2024 में सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 420 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की।

लगातार बदलता रहा लोकेशन, आखिरकार चढ़ा पुलिस के हत्थे

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम को सूचना मिली कि आरोपी साइबराबाद क्षेत्र में छिपा है। मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया।

धोखाधड़ी के पैसों से खरीदी फॉर्च्यूनर और लग्जरी आइटम

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सिद्धार्थ ने ठगी से मिले पैसों से फॉर्च्यूनर कार, महंगे मोबाइल फोन और अन्य लग्जरी सामान खरीदे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ये सामग्री जब्त कर ली है।

पहले से भी हैं दर्ज धोखाधड़ी के मामले

सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी सिद्धार्थ गौड़ा के खिलाफ पहले से भी गाचीबावली (साइबराबाद) थाने में कई ठगी के मामले दर्ज हैं। वहां भी उसने इसी तरह लोगों को बड़े पद या निवेश का झांसा देकर लाखों की ठगी की थी।

पुलिस करेगी प्रॉपर्टी की जांच और जब्ती की तैयारी

पुलिस अब आरोपी द्वारा धोखाधड़ी की राशि से अर्जित संपत्तियों की जांच कर रही है। जल्द ही कोर्ट से अनुमति लेकर जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए मजबूत चार्जशीट तैयार की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post