दुर्ग, छत्तीसगढ़।
जिले के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र बस स्टैंड में लंबे समय से चल रहे एक बड़े अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस की छापेमारी में 80 से अधिक गैस रिफिलिंग कार्ड और 30 से ज्यादा घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के मुताबिक, भोले बाबा गैस रिपेयरिंग सेंटर की आड़ में इस अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा था। संचालक प्रमोद शाह (45) पर आरोप है कि वह घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग करता था, जिसे एलपीजी से चलने वाली गाड़ियों और होटलों में सप्लाई किया जा रहा था। यह प्रक्रिया पूरी तरह से गैरकानूनी है और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी हुई थी।
बस स्टैंड जैसे संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस तरह का कार्य किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे सकता था। क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्रियों की आवाजाही रहती है, वहीं कई राज्यों की बसें यहां खड़ी रहती हैं। ऐसी स्थिति में सिलेंडर फटने या लीक होने जैसी घटना से जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
डीएसपी हेमप्रकाश नायक ने बताया कि मौके पर घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से छोटे सिलेंडर रिफिल किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार पर करारा प्रहार हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और गैस आपूर्ति के लिए किन स्रोतों का उपयोग किया जा रहा था।
पुलिस का अलर्ट, आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कहीं भी इस तरह के अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर संचालित होते पाए गए तो उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि इस तरह के कार्यों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते दुर्घटनाओं को टाला जा सके।
