जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों और बढ़ते आपराधिक मामलों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता अभियान की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के पहले दिन शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की टीमें अलर्ट मोड में नजर आईं।
अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट के चल रहे कुल 63 वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों की मौके पर ही इंजन और चेचिस नंबर की जांच की गई, साथ ही दस्तावेजों का भी गहन सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जनता से अपील करते हुए कहा, “बिना नंबर प्लेट के वाहन अक्सर आपराधिक घटनाओं में प्रयुक्त होते हैं। इससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए वाहन पर स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट होना अनिवार्य है।” उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल ट्रैफिक नियंत्रण ही नहीं, अपराधों की रोकथाम के लिए भी अहम कदम है।
उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे अपने वाहन के सभी दस्तावेज पूरे रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और कानून का सम्मान करें।
पुलिस विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि आगे आने वाले दिनों में यह अभियान और सख्ती से चलाया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कदम न केवल सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद करेगा, बल्कि अपराधियों पर लगाम कसने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
