बिलासपुर। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। थाना क्षेत्र में खुलेआम हथियार लहराकर डर फैलाने वाले बदमाशों को न केवल गिरफ्तार किया गया, बल्कि थाने में पूछताछ के बाद उन्हें इलाके में जुलूस के रूप में घुमाया गया ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सके और अपराधियों को सख्त संदेश मिले।
इस कार्रवाई की शुरुआत उस वीडियो से हुई जिसमें एक युवक को शराब दुकान के पास चाकू लेकर दौड़ाते हुए देखा गया था। मामला मिनी बस्ती इलाके का है, जहां कुछ दिन पहले लूट की वारदात हुई थी लेकिन डर के कारण पीड़ित ने थाने में शिकायत नहीं की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई और ईशु सूर्यवंशी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके साथ उसके तीन अन्य साथी भी पकड़े गए, जिनके पास से चाकू, तलवार और चापड़ जैसे हथियार बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में मोनू उर्फ हरिमंगल गौतम, विशाल डहरिया, शांतनु और आकाश सूर्यवंशी शामिल हैं। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश किया गया है।
इसी दिन दूसरी बड़ी कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने की, जहां आदतन अपराधी शैफूल हक उर्फ शैली को तलवार लहराते हुए पकड़ा गया। कुछ समय पहले इस आरोपी ने गोलबाजार क्षेत्र में एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट की थी और जेल भी गया था। रिहा होने के बाद उसने फिर से लोगों को धमकाना शुरू कर दिया था। पुलिस को सूचना मिलते ही उसने इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को तलवार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
शैफूल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसे भी आर्म्स एक्ट की धाराओं में कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।
पुलिस का संदेश साफ है – कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी शहर का माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
