रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 6 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। यह घटना छोटा अशोक नगर की है, जहां मेडिकल स्टोर के सामने लगे एक एडवरटाइजमेंट बोर्ड को छूने के बाद बच्ची बिजली की चपेट में आ गई। बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इस घटना को लापरवाही बताते हुए थाने में शिकायत की है और FIR की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची लाव्या गुप्ता अपने नाना-नानी के घर छुट्टियों में आई थी। 27 मई की रात वह खेलते-खेलते पड़ोस के देवी मेडिकल स्टोर के पास पहुंची। उसके साथ उसका 12 वर्षीय मामा भी था। इस दौरान बच्ची ने स्टोर के बाहर लगे एक विज्ञापन बोर्ड को छू लिया, जिससे वह झटके के साथ जमीन पर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद तुरंत बोर्ड का स्विच बंद करवाया और बच्ची को नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे मेकाहारा रेफर किया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि की गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है।
बच्ची के पिता अंकु गुप्ता का कहना है कि स्टोर संचालक द्वारा विज्ञापन बोर्ड में बिजली कनेक्शन के लिए खुले में वायरिंग कराई गई थी, जो सुरक्षा मानकों के बिल्कुल खिलाफ थी। लोहे के बोर्ड में करंट फैलने के कारण ही यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी तरह से लापरवाही का मामला है और उनकी बेटी इसकी शिकार बनी।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक FIR नहीं हुई है। परिवार का आरोप है कि मामले को सिर्फ जांच में डालकर टालने की कोशिश की जा रही है।
इस बीच देवी मेडिकल स्टोर के संचालक अविचल ने कहा है कि हादसे वाले दिन भारी बारिश हुई थी, जिससे संभवतः बिजली बोर्ड में करंट फैल गया। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही से इनकार किया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए। साथ ही इस तरह के बोर्डों की सुरक्षा जांच की मांग भी की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
