रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आज बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में होगी। बैठक का आयोजन राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय (सिविल लाइन) में किया जाएगा। सभी मंत्रियों को सुबह 10 बजे तक उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मसलों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की गहन समीक्षा की है। ऐसे में माना जा रहा है कि शिक्षा, कृषि, वन और राजस्व विभाग से जुड़े कुछ बड़े निर्णय इस बैठक में लिए जा सकते हैं।
सूत्र बताते हैं कि स्कूलों के संचालन, शैक्षणिक सुधार, किसानों को लेकर राहत योजनाएं, वनाधिकार पट्टे और राजस्व मामलों से जुड़े नियमों में कुछ बदलावों पर मुहर लग सकती है। साथ ही, बजट पूर्व तैयारी और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर भी चर्चा संभव है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब राज्य सरकार आगामी सत्र और मॉनसून की चुनौतियों को लेकर नीतिगत स्तर पर तैयारियों में जुटी है।
कैबिनेट के फैसलों की आधिकारिक जानकारी बैठक के बाद जारी की जाएगी।
