अल्लूरी सीताराम (आंध्र प्रदेश), 18 जून — छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित मारेडपल्ली जंगलों में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। ऑपरेशन में आंध्र प्रदेश की स्पेशल फोर्स ग्रेहाउंड्स ने नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी के सदस्य गजरला रवि समेत तीन बड़े माओवादियों को मार गिराया है। रवि पर सरकार की ओर से 40 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ अब भी जारी है, और सुरक्षा बल पूरे इलाके को घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। मारे गए अन्य नक्सलियों में स्पेशल जोनल कमेटी की सदस्य अरुणा भी शामिल है, जो कुख्यात नक्सली कमांडर चलपति की पत्नी थी। अरुणा पर 20 लाख रुपए का इनाम था। तीसरे मारे गए नक्सली की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।
घटना की पुष्टि आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम जिले के एसपी अमित बरदार ने की है। उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर ग्रेहाउंड्स की टीम ने ऑपरेशन शुरू किया था। जैसे ही फोर्स मारेडपल्ली के जंगल क्षेत्र में पहुंची, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन प्रमुख माओवादी ढेर हो गए।
सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सली बड़े स्तर की रणनीतिक गतिविधियों में शामिल थे और लंबे समय से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थे। यह मुठभेड़ माओवादियों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
इलाके में हाई अलर्ट
घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। अतिरिक्त बलों को इलाके में रवाना किया गया है ताकि मुठभेड़ के बाद कोई नक्सली भागने न पाए। वहीं, मारे गए नक्सलियों के पास से हथियार और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस ऑपरेशन से माओवादियों की रणनीतिक योजना को तगड़ा झटका लगा है, खासकर आंध्र-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्र में।
