भिलाई, 11 जून। नगर निगम भिलाई में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। आयुक्त राजीव पाण्डेय ने 10 जून को चार अधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल करते हुए नया आदेश जारी किया है। इस बदलाव के तहत सहायक अधीक्षक अजय शुक्ला से उनके सभी 9 प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी हटाते हुए उन्हें केवल प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी जोन-1 (नेहरू नगर) का प्रभार सौंपा गया है।
पूर्व में अजय शुक्ला जनसंपर्क अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, शिक्षा, खेलकूद, संस्कृतिक पर्यटन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन शाखा जैसे अनेक विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब इन विभागों की जिम्मेदारी क्रमशः अन्य अधिकारियों को दी गई है।
तिलेश्वर साहू को जनसंपर्क विभाग की कमान
उद्यान विभाग के प्रभारी अधिकारी तिलेश्वर साहू को अब अतिरिक्त रूप से जनसंपर्क अधिकारी का दायित्व भी सौंपा गया है। साथ ही उन्हें आयुक्त के दौरे के लिए निर्देशानुसार सूची तैयार करने, संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक तैयारी और फॉलोअप सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
रीता चतुर्वेदी और शहर दुबे को भी मिला अतिरिक्त दायित्व
काउंटर शाखा की प्रभारी रीता चतुर्वेदी को अब प्रधानमंत्री आवास योजना के इकरारनामों में हस्ताक्षर करने और सहायक परियोजना अधिकारी (NULM) का कार्य भी सौंपा गया है। वहीं, डेटा एंट्री ऑपरेटर शहर दुबे को सहायक राजस्व अधिकारी जोन-2 के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, संस्कृतिक पर्यटन, और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं का जिम्मा दिया गया है।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से अहम बदलाव
नगर निगम के इस फेरबदल को प्रशासनिक दक्षता और कार्यों के प्रभावी निष्पादन के लिहाज़ से अहम माना जा रहा है। आयुक्त राजीव पाण्डेय द्वारा की गई यह नियुक्ति परिवर्तन व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने की मंशा से किया गया है। आगामी दिनों में और भी विभागीय बदलाव संभव हैं।