एअर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान हादसा: देश भर में शोक, अहमदाबाद में राहत-बचाव कार्य जारी


 

अहमदाबाद, 12 जून 2025 — गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में बुधवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया, जिसमें एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर क्रैश हो गया। यह विमान लंदन के लिए रवाना हो रहा था, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के चलते रिहायशी इलाके में गिर पड़ा।

विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली, और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे। अब तक मलबे से 100 शव निकाले जा चुके हैं। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश शव बुरी तरह झुलस चुके हैं, जिससे पहचान मुश्किल हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि अब पीड़ितों की पहचान डीएनए जांच के जरिए की जाएगी।

हादसे के प्रभाव

विमान जिस इमारत से टकराया, वह सिविल अस्पताल से सटी एक आवासीय बिल्डिंग थी, जहां डॉक्टरों के परिवार रहते हैं। हादसे में करीब 15 डॉक्टर घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में भारी अफरा-तफरी का माहौल है।

रायपुर से उड़ानें रद्द, कार्यक्रम स्थगित

इस हादसे का असर अन्य शहरों पर भी देखने को मिल रहा है। रायपुर एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स एहतियातन रद्द कर दी गई हैं। साथ ही बीजेपी द्वारा आयोजित प्रोफेशनल मीट कार्यक्रम को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "गुजरात के अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। इस भीषण दुर्घटना में मृत यात्रियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, परिजनों के दुख में सहभागी हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवारों को संबल दे।"

राहत एवं बचाव कार्य जारी

एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर तैनात हैं और लगातार राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। कई घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को एयरलिफ्ट कर बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में भेजा गया है।

जांच के आदेश

डीजीसीए और विमानन मंत्रालय ने इस दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के चलते विमान ने नियंत्रण खो दिया था। ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है, जिसकी जांच से स्पष्ट होगा कि दुर्घटना का असली कारण क्या था।


Post a Comment

Previous Post Next Post