कोरबा: मानसिक तनाव से जूझ रहे किसान ने जंगल में लगाई फांसी, गांव में छाया मातम


 

कोरबा, छत्तीसगढ़। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह गांव में एक किसान का शव गांव से लगे जंगल में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 32 वर्षीय गोपी राम धनवार के रूप में हुई है, जो बुधवार शाम से लापता थे। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को जब उनका शव जंगल में पेड़ पर फंदे से लटका मिला, तो गांव में सनसनी फैल गई।

परिजनों ने बताया कि गोपी राम खेती-किसानी के साथ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके ऊपर पत्नी, तीन बेटियां और एक छोटे बेटे की जिम्मेदारी थी। पिता बुधराम धनवार ने बताया कि गोपी राम पिछले कुछ समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। साथ ही परिजनों ने पारंपरिक झाड़-फूंक का सहारा भी लिया था।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद रजगामार चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्यवाही की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, गोपी राम बुधवार शाम रोज की तरह घर से निकले थे। परिजनों को लगा कि वह खेत या मजदूरी पर गए होंगे, लेकिन देर रात तक नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। गुरुवार सुबह जंगल में उनका शव पेड़ से लटकता मिला।

गांव में गोपी राम की आत्महत्या की खबर फैलते ही मातम छा गया। परिवार के लोग बेसुध हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मानसिक तनाव को मौत की वजह मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post