बिलासपुर के मोपका में बनेगा आधुनिक मल्टीपरपज इनडोर स्टेडियम, केंद्र-राज्य सरकार मिलकर देंगे सौगात


                                                            शहर के युवाओं को मिलेगी सुविधाएं

 बिलासपुर, छत्तीसगढ़। युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर देने और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से बिलासपुर के मोपका में 13.84 करोड़ रुपए की लागत से मल्टीपरपज इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को केंद्र सरकार की "खेलो इंडिया योजना" के अंतर्गत स्वीकृति दी गई है।

इस इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल कोर्ट, के साथ-साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कैफेटेरिया और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना से जिले के युवाओं को खेल के लिए एक आधुनिक और समर्पित प्लेटफार्म मिलेगा।

                                   बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर मोपका में बनेगा इंडोर स्टेडियम।

केंद्रीय मंत्री को सौंपी गई थी मांग

इस परियोजना के लिए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने लंबे समय से प्रयास किए थे। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार से लगातार अपने क्षेत्र के लिए इस इनडोर स्टेडियम की मांग करते आ रहे थे। इस संबंध में केंद्रीय युवा कार्य मंत्री मनसुख मांडविया से लगातार पत्राचार किया गया। दिल्ली प्रवास के दौरान विधायक शुक्ला ने व्यक्तिगत रूप से मंत्री से भेंट कर इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने का अनुरोध किया था।

मुख्यमंत्री की पहल से मिली प्रशासकीय स्वीकृति

विधायक सुशांत शुक्ला ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी इस मुद्दे पर मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र बेलतरा को यह सौगात दिलाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री की सकारात्मक पहल के चलते इस प्रोजेक्ट को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है।

स्टेडियम निर्माण में 7.5 करोड़ रुपए की राशि केंद्र सरकार से प्राप्त होगी, जबकि शेष 6.34 करोड़ रुपए राज्य सरकार की ओर से वहन किए जाएंगे।

युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर

विधायक शुक्ला ने कहा कि खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन, टीमवर्क और जीवन में संतुलन बनाए रखने का माध्यम भी हैं। स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलेंगी और वे राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

खेल के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत

यह मल्टीपरपज इनडोर स्टेडियम बिलासपुर सहित पूरे संभाग के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं में खेल के प्रति रुचि भी विकसित होगी। निर्माण कार्य स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र शुरू किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post