भिलाई निगम आयुक्त पर भेदभाव का आरोप, कांग्रेस पार्षदों का अनिश्चितकालीन धरना जारी


 समान विकास और राशि आवंटन की कर रहे मांग, गुलाब का फूल देकर जताया विरोध

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई में इन दिनों राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिल रही है। निगम आयुक्त राजीव पाण्डेय के खिलाफ कांग्रेस पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि आयुक्त वार्डों के विकास कार्यों में भेदभाव कर रहे हैं और कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों के वार्डों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्षद बीते तीन दिनों से निगम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

धरने के तीसरे दिन सोमवार को कांग्रेस पार्षदों ने एक अलग ही अंदाज में विरोध जताया। सभी पार्षदों ने निगम आयुक्त को गुलाब का फूल भेंट कर शांति और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद कांग्रेस समर्थकों के साथ मिलकर उन्होंने आयुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। सभी के हाथों में गुलाब का फूल था, जो विरोध का प्रतीक बन गया।

पार्षदों ने लगाया पक्षपात का आरोप
कांग्रेस पार्षद लालचंद वर्मा ने कहा कि आयुक्त द्वारा बार-बार पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के वार्डों में जरूरी विकास कार्यों के लिए न तो पर्याप्त राशि दी जा रही है और न ही सामान्य सभा में पारित प्रस्तावों पर अमल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम की कार्यप्रणाली एकतरफा हो गई है और पारदर्शिता का अभाव है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक सभी वार्डों को समान सुविधाएं और राशि नहीं दी जाएगी, तब तक धरना जारी रहेगा। पार्षदों का कहना है कि जनता ने उन्हें विकास के लिए चुना है, लेकिन बिना राशि के वह कुछ नहीं कर सकते।

महापौर का भी समर्थन
कांग्रेस पार्षदों को महापौर का भी समर्थन प्राप्त है। महापौर ने भी बोर खनन सहित अन्य समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी है। पार्षदों का कहना है कि निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पानी, सड़क, नाली जैसे बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

आयुक्त ने किया आरोपों से इनकार
इस पूरे विवाद पर आयुक्त राजीव पाण्डेय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह कार्यालय में सबसे अधिक समय देते हैं और उनका दरवाजा सभी के लिए खुला है। कोई भी उनसे आकर बात कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के खिलाफ जाकर कोई काम नहीं करेंगे, और सभी कार्य पारदर्शिता व नियमानुसार होंगे।

राशि आवंटन के सवाल पर उन्होंने कहा कि निगम द्वारा वार्डों की आवश्यकताओं के अनुसार ही बजट दिया जा रहा है, न कि किसी भेदभाव के आधार पर।

बोर की जरूरत से किया इनकार
पार्षदों द्वारा की जा रही बोर खनन की मांग पर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल पानी की कोई कमी नहीं है। चार नई पानी टंकियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो जल्द ही पूरा होगा। इसके बाद हर घर तक नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post