भैसमा टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर, उरगा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
कोरबा। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर भैसमा टोल प्लाजा के पास गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों को राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ढोढतराई निवासी 25 वर्षीय अक्षय कुमार के रूप में हुई है। वह अपने जीजा मंगल सिंह के साथ बाइक से रामपुर लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंगल सिंह को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
परिवार में मचा कोहराम, कमाने वाला था अकेला बेटा
अक्षय के पिता राधे लाल ने बताया कि अक्षय उनका बड़ा बेटा था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी पर थी। वह मजदूरी और खेती-किसानी कर परिवार चलाता था। दो साल पहले उसकी शादी कोलगा निवासी प्रियंका से हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अस्पताल से मिला पुलिस को मेमो, दर्ज किए गए बयान
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।
स्थानीयों में गुस्सा, मांग की सुरक्षा उपायों की
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि भैसमा टोल प्लाजा के आसपास वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं और वहां पर ट्रैफिक कंट्रोल के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर और कैमरे लगाने की मांग की है।
पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
