मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी से विवाद: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हिरासत में, पुलिस ने दर्ज किया मामला


                                               प्रधानंत्री पर गलत टिप्पणी को लेकर भाजपा पहुंची थाने


भिलाई, 4 जून 2025 — सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भिलाई का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। फेसबुक पोस्ट पर की गई कथित अश्लील टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार रात वैशाली नगर थाना घेर लिया और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बृजमोहन सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले "ईश्वर दुबे" नामक व्यक्ति ने फेसबुक पर ऑपरेशन सिंदूर और भाजपा को लेकर एक विवादित पोस्ट की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह ने टिप्पणी की, जिसे भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र और अश्लील करार दिया। मामले की भनक लगते ही भाजपा नेताओं — जिनमें शरद गुप्ता, नितेश मिश्रा और स्वीटी कौशिक प्रमुख रूप से शामिल थे — ने थाने में पहुंचकर देर रात तक प्रदर्शन किया।

थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। दबाव बढ़ता देख पुलिस ने बृजमोहन सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।

कांग्रेस का आरोप: "पुलिस कर रही है पक्षपात"

इधर कांग्रेस ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध जताया है। भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा, "पुलिस बिना किसी ठोस जानकारी के कार्रवाई कर रही है। हमें यह तक नहीं बताया जा रहा कि बृजमोहन सिंह ने क्या लिखा था और उन्हें किस आरोप में पकड़ा गया है। यह सब भाजपा के दबाव में किया जा रहा है।"

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने परिजनों तक को सूचित नहीं किया और थाने में स्पष्ट जानकारी देने से भी इनकार कर रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो पार्टी आगे आंदोलन करेगी।

पुलिस का रुख

थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में आईटी एक्ट और भादंवि की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी की जांच की जा रही है और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

राजनीतिक गरमाहट बढ़ी

यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। भाजपा नेता इसे प्रधानमंत्री की गरिमा पर हमला बता रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे बदले की भावना से की गई कार्रवाई करार दे रही है। आने वाले दिनों में इस विवाद के और तूल पकड़ने की आशंका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post