फैक्ट्री में चोरी की गुत्थी सुलझी: आरोपी व नाबालिग साथी गिरफ्तार, CCTV फुटेज बना सुराग


 

जामुल थाना क्षेत्र की घटना, चोरी का पूरा सामान बरामद

भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के लाइट इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने चोरी में एक नाबालिग लड़के को भी शामिल किया था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर चोरी का सामान जब्त कर लिया है।

दुर्ग पुलिस की एएसपी पद्मश्री तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि विनय गोयल, जो 'विनय गोयल स्टील फेब्रिकेटर' नामक फैक्ट्री का संचालक है, ने 30 मई की शाम को फैक्ट्री बंद कर घर चला गया था। जब वह अगली सुबह 31 मई को फैक्ट्री पहुंचा, तो उसने देखा कि ऑफिस का दरवाजा खुला हुआ है और ताला टूटा पड़ा है।

ऑफिस के भीतर रखे कई कीमती सामान, जिनमें लोहे का सब्बल, पाइप, हथौड़ी, छेनी, पंखा, कंप्यूटर का CPU, स्पीकर और अन्य उपकरण शामिल थे, चोरी हो चुके थे। फैक्ट्री संचालक ने इसकी शिकायत जामुल थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक संदिग्ध की तस्वीर मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर घेराबंदी की। खबरी से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक विश्वकर्मा को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी की घटना स्वीकार की और यह भी बताया कि उसने एक नाबालिग लड़के की मदद से वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने दीपक और उसके नाबालिग साथी के पास से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है, ताकि चोरी से जुड़ी अन्य कड़ियों का भी पता लगाया जा सके।

पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच से सुलझा मामला, फैक्ट्री संचालक ने जताया आभार।

Post a Comment

Previous Post Next Post