बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बासागुड़ा और गंगालूर के सीमावर्ती जंगलों में शनिवार देर शाम सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। ऑपरेशन "मानसून" के तहत चलाए गए इस अभियान में सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों के पास से इंसास राइफल, एसएलआर और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को गंगालूर क्षेत्र में बड़े कैडर के नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इनपुट मिलते ही सुरक्षा बलों की एक टीम को जंगल में भेजा गया था। जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने फोर्स पर अचानक हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए चार नक्सलियों को ढेर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। मारे गए नक्सलियों की पहचान और उनके संगठन में भूमिका की पुष्टि फोर्स की वापसी के बाद की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि मारे गए नक्सली संगठन के सक्रिय और वांछित सदस्य हो सकते हैं।
मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियार यह संकेत देते हैं कि मारे गए नक्सली बड़े ग्रुप से जुड़े हो सकते हैं। वहीं इलाके में अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए ऑपरेशन को और व्यापक किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मानसून सीजन में नक्सली मूवमेंट बढ़ जाता है, जिसे देखते हुए ऑपरेशन मानसून के तहत सघन कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों की सतर्कता और रणनीतिक कार्रवाई से जंगल क्षेत्र में नक्सल प्रभाव को कमजोर किया जा रहा है।
