रायपुर, 22 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ की उभरती हुई खेल प्रतिभा नवलीन कौर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। महासमुंद जिले की रहने वाली नवलीन ने आगामी राष्ट्रीय खेलों में तीरंदाजी स्पर्धा के लिए चयन प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवलीन जैसी खिलाड़ी राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित है। नवलीन का जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल है। जन्म से स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने तीरंदाजी को जीवन का लक्ष्य बनाया। वर्ष 2018 से प्रशिक्षण शुरू कर वे जिले की पहली महिला तीरंदाज बनीं।
नवलीन ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक सहित राष्ट्रीय स्पर्धाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने हाल ही में कंपाउंड बो श्रेणी में भी सफलता हासिल की है। वर्तमान में वे कोच एवन साहू और खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे से प्रशिक्षण ले रही हैं।
नवलीन का लक्ष्य भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय पदक जीतना है। मुख्यमंत्री ने उनके जज्बे को सराहते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं प्रदेश के युवाओं को प्रेरणा देती हैं।