देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी आज 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि रायपुर में जल्द ही पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे शहर विकसित पुलिसिंग वाले राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
राजधानी के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी ध्वजारोहण हुआ। मस्जिद, दरगाह और इमामबाड़ों में तिरंगा लहराया गया। कांकेर की जामा मस्जिद में मुस्लिम समाज के लोगों ने पहली बार मस्जिद में ध्वजारोहण कर गर्व व्यक्त किया।
वहीं गरियाबंद में बारिश के बीच देशभक्ति का जश्न थमा नहीं। देवभोग में छात्रों ने ध्वजारोहण के बाद प्रभात फेरी निकालते हुए देशभक्ति के गीत गाए। पूरे प्रदेश में तिरंगे के रंग में रंगा माहौल देखने को मिला।