मुख्यमंत्री साय ने दी भक्त माता कर्मा जयंती की शुभकामनाय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को भक्त माता कर्मा जयंती के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। उन्होंने माता कर्मा से समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, समृद्धि और शांति की कामना करते हुए कहा कि माता कर्मा का जीवन सेवा, भक्ति, त्याग और परोपकार की अप्रतिम मिसाल है। वे भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त थीं, और उनका आदर्श आज भी जनमानस को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में माता कर्मा जयंती पूरे श्रद्धा और सामाजिक समरसता के साथ मनाई जाती है। साहू तैलिक समाज की आराध्य देवी माता कर्मा की जयंती पर राज्यभर में शोभायात्राएँ, कलश यात्राएँ एवं विविध धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं, जो समाज में एकता और भाईचारे का संदेश फैलाते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने प्रार्थना की कि माता कर्मा का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे और उनके आदर्श हमें करुणा, समानता एवं समर्पण के साथ समाज सेवा के लिए प्रेरित करते रहें।
