भिलाई में एक महिला को कथित तौर पर ससुराल वालों ने जिंदा जलाने की कोशिश की। महिला के 15 साल के बेटे ने दावा किया कि उसके पिता, दादा-दादी और बुआ ने मिलकर उसकी मां पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा दी।
दूसरी ओर, अस्पताल में भर्ती महिला का कहना है कि वह खाना बनाते वक्त साड़ी में आग लगने से जली। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
यह मामला भिलाई के कैंप 1 इलाके का है। पीड़िता नीतू मूल रूप से बिहार के मानपुर नालंदा की रहने वाली है। उसकी शादी 2008 में कैंप 1 के शास्त्री नगर निवासी संतोष साव से हुई थी। दंपति का एक 15 साल का बेटा है। बेटे का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसकी मां को तंग करते थे।
3 अप्रैल को नीतू अचानक आग की चपेट में आ गई। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर मेकाहारा रायपुर रेफर कर दिया गया। रायपुर में उसका इलाज जारी है। पुलिस को दिए बयान में नीतू ने कहा कि चाय बनाते समय उसकी साड़ी के पल्लू में आग लग गई, जो तेजी से फैल गई। लेकिन बेटे ने जो बयान दिया, वह हैरान करने वाला है। उसका कहना है कि मां का परिवार वालों से झगड़ा हुआ था। इसके बाद दादा-दादी और बुआ ने मां को पकड़ लिया, जबकि पिता ने मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी। बेटे ने बताया कि वह डर के मारे चुप रहा, क्योंकि घरवालों ने उसे धमकी दी थी।
छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि महिला ने खाना बनाते वक्त आग लगने की बात कही है। पहले जब परिजनों से पूछताछ हुई, तब बेटे ने कुछ नहीं कहा था। उसने न तो पुलिस से और न ही अपने नाना-नानी से कोई शिकायत की। महिला का पति भी अस्पताल में उसके साथ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
### मायके से लौटते ही घटना
नीतू के पिता अशोक साव ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, नीतू कुछ दिन पहले उनके घर बिहार आई थी। 1 अप्रैल को वह साउथ बिहार से भिलाई के लिए रवाना हुई और 2 अप्रैल को ससुराल पहुंची। घर पहुंचते ही पति संतोष साव, सास मुन्नी देवी, ससुर गोविंद साव और ननद सपना देवी ने उससे विवाद शुरू कर दिया। मारपीट के बाद 3 अप्रैल को उसे आग लगाकर मारने की कोशिश की गई। अब वह अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

