**6 साल की मासूम के साथ हैवानियत: सिगरेट से दागे प्राइवेट पार्ट, इलेक्ट्रिक शॉक से मौत, कार की डिक्की में छिपाई लाश**
*छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिल दहला देने वाली वारदात, कन्या भोज के लिए गई बच्ची की रेप के बाद हत्या, उग्र भीड़ ने संदेही के घर को फूंका*
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। कन्या भोज के लिए मंदिर गई 6 साल की मासूम बच्ची के साथ न सिर्फ सेक्सुअल असॉल्ट हुआ, बल्कि उसके प्राइवेट पार्ट्स को सिगरेट से दागा गया, लाइटर से जलाया गया और इलेक्ट्रिक शॉक देकर उसकी जान ले ली गई। इसके बाद दरिंदों ने उसकी लाश को कार की डिक्की में छिपा दिया।
**खून से लथपथ मिली बच्ची, शरीर पर जख्मों की दर्दनाक कहानी**
जानकारी के मुताबिक, बच्ची की लाश कार की डिक्की में अकड़े हुए हाथों के साथ मिली। चेहरे पर खरोंच के निशान, होंठ और नाक से खून बहता हुआ—यह नजारा देख परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका की मां ने दहलते हुए कहा, *"मेरी बेटी के प्राइवेट पार्ट्स को सिगरेट से दागा गया, शरीर को दोनों तरफ से फाड़ दिया गया। ऐसा कौन करता है? जानवरों की तरह नोचा, राक्षसों की तरह मारा। आरोपियों को फांसी दो!"*
**रविवार सुबह हंसी-खुशी गई थी मंदिर, शाम को मिली लाश**
घटना रविवार सुबह की है, जब बच्ची रामनवमी के मौके पर पास के मंदिर में कन्या भोज के लिए अन्य बच्चियों के साथ गई थी। सुबह 9 बजे घर से निकली मासूम दोपहर तक लौटी नहीं। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन दिनभर तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। रात में संदेही बादल (28) ने खुलासा किया कि बच्ची की लाश उसकी कार की डिक्की में है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने लाश निकाली, जो खून से सनी और चोटों से भरी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह इलेक्ट्रिक शॉक बताई गई।
**गुस्से में उबली जनता, संदेही के घर और कार में लगाई आग**
वारदात से आक्रोशित भीड़ ने संदेही बादल के घर पर धावा बोल दिया। घर में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई, बाहर खड़ी बाइक जलकर खाक हो गई। संदेही के परिजन घर छोड़कर भाग गए। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
**पुलिस पर भी गंभीर आरोप, बच्ची के चाचा की बेटी ने कहा- 'मुझे पीटा'**
मृतका के चाचा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनकी बेटी का कहना है, *"पुलिस अंकल ने मुझे पीटा, कहा कि तुझे यहीं सुला देंगे।"* बच्ची रो-रोकर अपनी आपबीती सुना रही है। परिजनों का कहना है कि केस को दबाने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है।
**तीन संदेही हिरासत में, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि**
पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिसमें एक आरोपी मृतका के घर से ही जुड़ा बताया जा रहा है। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सेक्सुअल असॉल्ट की पुष्टि हुई है। FSL रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
**मां की गुहार- 'कड़ी से कड़ी सजा दो'**
बच्ची की मां का कहना है, *"मेरी बेटी सुबह हंसते हुए कन्या भोज के लिए गई थी, लेकिन उसकी लाश लौटी। ऐसे दरिंदों को फांसी से कम कुछ नहीं चाहिए।"* इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, लोग सड़कों पर उतर आए हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





