छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: बारिश और ओलावृष्टि की संभावना, तापमान में गिरावट के आसार

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: बारिश और ओलावृष्टि की संभावना, तापमान में गिरावट के आसार

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। आज बुधवार से प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। इस बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।



मौसम विभाग की भविष्यवाणी: मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ से विदर्भ और मराठवाड़ा होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर द्रोणिका विकसित हुई है, जिससे प्रदेश में नमी की मात्रा बढ़ रही है। इस बदलाव से लोगों को तेज धूप और भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। रात के समय ठंडी हवाएं चल सकती हैं और मौसम सुहावना बना रहेगा।

राजधानी रायपुर और अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे बुधवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की यह स्थिति दो दिनों तक बनी रह सकती है।

पिछले 24 घंटे का हाल: प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा। सबसे गर्म स्थान राजनांदगांव रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे ठंडा अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कैसा रहेगा आगे का मौसम? मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ में गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट होगी, जिससे लोगों को राहत महसूस होगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post