रायपुर समाचार: निगम-मंडलों की दूसरी सूची का इंतजार, दावेदारों में मची होड़
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा निगम-मंडलों, आयोगों और परिषदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब दूसरी सूची को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्सुकता बढ़ गई है। पहली सूची जारी होने के बाद जहां कुछ कार्यकर्ता और पदाधिकारी संतुष्ट हैं, वहीं कई लोग अपने नाम न होने से निराश भी हैं।
पहली सूची पर प्रतिक्रिया
पहली सूची में कई पुराने चेहरों को स्थान मिलने से असंतोष भी देखा गया है। कुछ कार्यकर्ताओं ने इस पर नाखुशी जताई है कि वे लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन नए चेहरों को मौका देने की बजाय पुराने चेहरों को ही प्राथमिकता दी गई। भाजपा संगठन ने हालांकि इस सूची को संतुलित बताया है।
दूसरी सूची का बेसब्री से इंतजार
अब पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दूसरी सूची का इंतजार है, जिसमें और अधिक नियुक्तियां होने की संभावना है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार, अभी केवल 36 नियुक्तियां की गई हैं, जबकि आगे 500 से अधिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर नियुक्त किया जाना है। इससे कार्यकर्ताओं की नाराजगी को कम करने की कोशिश की जाएगी।
कैबिनेट विस्तार की संभावना
इसके अलावा, साय सरकार में दो नए मंत्रियों की नियुक्ति की संभावनाएं भी तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहले ही इस संबंध में जल्द ही निर्णय लेने की बात कह चुके हैं। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के बाद भी असंतोष सामने आ सकता है, इसलिए इस पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
श्रीवास का पद लेने से इनका
छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पद से गौरीशंकर श्रीवास ने इनकार कर दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर यह घोषणा की, लेकिन बाद में इसे हटा दिया। इस पर उन्होंने कहा कि पद बहुत बड़ा था और वे संगठन में कार्यकर्ता के रूप में ही बने रहना चाहते हैं।
आगामी दिनों में निगम-मंडलों और अन्य संस्थाओं में नियुक्तियों की दूसरी सूची जारी होने की संभावना है, जिससे कार्यकर्ताओं में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
