राजनांदगांव | जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आगामी 20 जून से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान की शुरुआत की जा रही है, जो 10 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट में हुई बैठक में महापौर मधुसूदन यादव और जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह समेत तमाम विभागीय अधिकारी, समाजसेवी संगठन, स्कूल संचालक और व्यापारी संगठन शामिल हुए।
सरकारी कार्यालयों से होगी शुरुआत, गांव-शहर तक पहुंचेगा अभियान
अभियान की शुरुआत शासकीय कार्यालयों से की जाएगी, जो धीरे-धीरे शहर और ग्रामीण इलाकों तक विस्तार पाएगा। स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं और औद्योगिक इकाइयों को भी इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया है।
दुकानों पर भी लगेगा हरियाली का पहरा
महापौर मधुसूदन यादव ने जानकारी दी कि “एक दुकान, एक पेड़” की भावना से व्यापारियों को भी जोड़ा जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा पौधे नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि स्वयंसेवी संस्थाएं और उद्योग इनकी देखभाल करेंगे।
जल संरक्षण और वाटर रिचार्ज सिस्टम पर जोर
नगरीय क्षेत्रों में जल स्तर बनाए रखने के लिए वाटर रिचार्ज सिस्टम लगाने पर भी जोर दिया गया है। साथ ही जल संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
महिलाएं भी बनीं अभियान की अगुआ
पद्मश्री फुलवासन यादव के मार्गदर्शन में महिलाओं ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” का संकल्प लिया है। गांव-गांव जाकर वे लोगों को पौधारोपण और जल संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही हैं। साथ ही जल यात्राएं निकालकर लोगों में जागरूकता फैलाई जा रही है।
स्थायी पौधारोपण पर ज़ोर
सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि यह समय की मांग है कि हम स्थायी पौधारोपण को अपनाएं ताकि बढ़ते तापमान और जल संकट से निपटा जा सके। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों में पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन कर लिया गया है।
21 जून को योग दिवस पर विशेष आयोजन
कलेक्टर डॉ. भुरे ने 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सभी नागरिकों को आमंत्रित किया है। उन्होंने स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
बैठक में दिखा उत्साह
पौधारोपण अभियान को लेकर आयोजित बैठक में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और व्यापारिक संगठनों ने भागीदारी की प्रतिबद्धता जताई। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्कूल संचालकों ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
यह अभियान न सिर्फ हरियाली बढ़ाने, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ पर्यावरण की नींव रखने का प्रयास है।