राजनांदगांव | जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में एक मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। कल्याणी इस्पात कंपनी लिमिटेड, कोपेडीह में काम करने वाले दो मजदूरों के बीच हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक मजदूर की जान चली गई।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले भीष्मदेव सिंघा और चंदन कुमार कंपनी में लोहा सरिया सेंट्रिंग का काम करते थे। 15 जून को कार्यस्थल पर सेंट्रिंग तार बांधने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शाम को दोनों ने अलग-अलग स्थानों पर अंजोरा शराब भट्टी में शराब पी।
रात करीब 8:30 बजे जब चंदन अपने क्वार्टर लौट रहा था, तब भीष्मदेव ने रास्ते में उसे रोक लिया। दोपहर के विवाद से नाराज होकर उसने लकड़ी के बत्ते से चंदन के सिर, हाथ और पसली पर ताबड़तोड़ वार किए। चंदन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। एएसपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और सोमनी थाना प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भीष्मदेव को गिरफ्तार कर लिया। वह पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में था, लेकिन समय रहते पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।