घटना रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है।
रायपुर (छत्तीसगढ़), गोबरा नवापारा: रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब तेज रफ्तार ट्रक ने चंपारण चौक के पास एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि साइकिल सवार ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी तेज रफ्तार में था और चालक का उस पर नियंत्रण नहीं था। साइकिल को टक्कर मारने के बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित एक दुकान की ओर बढ़ गया, लेकिन सौभाग्यवश वह दुकान के सामने स्थित बोरिंग से टकरा गया और वहीं रुक गया। बोरिंग से टकराने के कारण ट्रक की गति धीमी हो गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के समय दुकान के अंदर मालिक सहित कर्मचारी मौजूद थे। यदि ट्रक सीधे दुकान में घुसता तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। ट्रक के रुकते ही आस-पास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और डायल 112 तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में ट्रैफिक की निगरानी कड़ी की जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
