रायपुर में सूदखोरी कांड गहराया: तोमर ब्रदर्स फरार, पत्नी और महिला वकील हिरासत में, पुलिस को करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले



 रायपुर, 13 जून 2025

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूदखोरी मामले में चर्चित तोमर ब्रदर्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। फरार चल रहे वीरेंद्र सिंह तोमर और उनके भाई की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इसी सिलसिले में पुलिस ने वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी शुभ्रा सिंह तोमर और उनकी कथित महिला वकील संगीता सिंह को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।

पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से जुड़ा है। गुरुवार को जब कुछ पत्रकार तोमर ब्रदर्स के घर के बाहर कवरेज करने पहुंचे तो वकील संगीता सिंह ने कवरेज पर आपत्ति जताई और कथित तौर पर कैमरा तोड़ने और छीनने की कोशिश की। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई और बदसलूकी तक की नौबत आ गई।

पुलिस कर रही लगातार छापेमारी

तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनके कई करीबी लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की है। दो दिन पहले उनके कारोबार से जुड़े लोगों के यहां छापों में करीब 40 करोड़ रुपए की रजिस्ट्री, 3.5 करोड़ का सोना, 10 लाख की चांदी, बैंक पासबुक, चेक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस को इस दौरान करीब 150 रजिस्ट्री के दस्तावेज भी मिले हैं, जिन्हें जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है।

रातभर चली छापेमारी, लाखों की नकदी और सोना बरामद

पुलिस ने तोमर ब्रदर्स के करीबी रविंदर सिंह और ऋषभ सिंह के घर पर मंगलवार रात 8 बजे से बुधवार सुबह 7 बजे तक छापा मारा। छापे में 8 लाख रुपए नकद, सोना-चांदी, और बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए।

पहले भी मिल चुके हैं सैकड़ों दस्तावेज

3 जून को तोमर ब्रदर्स के भाठागांव स्थित घर पर हुई छापेमारी में पुलिस को पहले ही 35.10 लाख कैश, 734 ग्राम सोने के आभूषण, 125 ग्राम चांदी, और BMW, थार और ब्रेजा जैसी गाड़ियां जब्त की गई थीं।

साथ ही 120 से अधिक इकरारनामे, 70 से ज्यादा ब्लैंक चेक, और 17 रजिस्ट्री के दस्तावेज भी मिले थे। इन सभी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

तोमर ब्रदर्स पर शहर में अवैध रूप से ब्याज पर पैसा देने और दबाव बनाकर प्रॉपर्टी हड़पने का आरोप है। कई पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वे मामूली रकम उधार लेते थे, लेकिन जब ब्याज नहीं चुका पाए, तो उनकी संपत्तियों पर कब्जा कर लिया गया।

आगे की कार्रवाई

फिलहाल तोमर ब्रदर्स फरार हैं, लेकिन पुलिस उनके सभी नेटवर्क को खंगाल रही है। उनके सहयोगियों, करीबियों और व्यवसायिक साझेदारों पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही अब आयकर और ईडी भी इस मामले में शामिल हो सकती हैं।

रायपुर पुलिस की कार्रवाई ने शहर में अवैध सूदखोरी के खिलाफ एक बड़ा संदेश दिया है। अब देखना होगा कि फरार तोमर ब्रदर्स पुलिस के शिकंजे में कब आते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post