कोरबा। जिले के बाल संप्रेषण गृह से दो किशोर फरार हो गए हैं। यह घटना 30 जून की सुबह लगभग 4 बजे की बताई जा रही है। दोनों किशोर बाथरूम जाने के बहाने कमरे से बाहर निकले और फिर रोशनदान की जाली तोड़कर भाग निकले। घटना से संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फरार हुए किशोरों में एक 17 वर्षीय है, जिसे 16 जून को पॉक्सो और छेड़छाड़ के मामले में निरुद्ध किया गया था। दूसरा 16 वर्षीय किशोर चोरी और छिनतई के आरोप में 19 जून से संप्रेषण गृह में था। दोनों अलग-अलग जिलों के निवासी हैं – एक जांजगीर-चांपा का, जबकि दूसरा कोरबा पुलिस चौकी क्षेत्र से है।
जांच में यह भी सामने आया है कि जांजगीर का किशोर पूर्व में 5-6 बार इसी संप्रेषण गृह में रह चुका है और एक बार रिसदी स्थित संप्रेषण गृह से भागने की कोशिश भी कर चुका है। हाल ही में बाल संरक्षण आयोग की सख्ती के बाद इस बाल संप्रेषण गृह को बालको थाना के सामने स्थित नए भवन में स्थानांतरित किया गया था।
फरारी की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस, जांजगीर-चांपा किशोर न्याय बोर्ड और अन्य संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस घटना के बाद संप्रेषण गृह की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से समीक्षा की मांग उठ रही है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा खामियों की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।