ड्यूटी पर शराब पीकर हंगामा करने वाला आरक्षक निलंबित, जिला अस्पताल में की बदसलूकी अस्पताल स्टाफ ने सुरक्षा की उठाई मांग


 

रायगढ़, छत्तीसगढ़ | 1 जुलाई 2025: थाना लालबाग में पदस्थ आरक्षक महेंद्र साहू को ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में हंगामा करने और अधिकारियों से अभद्रता करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई विभाग की छवि को ठेस पहुंचाने और अनुशासनहीनता के चलते की गई है।

जानकारी के अनुसार, 29 जून की रात 9 बजे से 30 जून की सुबह 9 बजे तक महेंद्र साहू की डायल 112 वाहन में चालक प्रवीण कुमार साहू के साथ ड्यूटी लगाई गई थी। ड्यूटी पर आने के दौरान महेंद्र शराब के नशे में था और उसने यूनिफॉर्म भी नहीं पहनी थी। उसने चालक प्रवीण से निर्धारित प्वाइंट छोड़कर पाटेकोहरा चलने की जिद की। जब चालक ने आदेश मानने से इंकार किया, तो महेंद्र ने उससे गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया।

इसकी शिकायत प्रवीण ने थाना लालबाग में की, जिसके बाद रात्रि अधिकारी प्रभात तिवारी ने महेंद्र को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर नशे में धुत आरक्षक ने प्रभात तिवारी से भी बदसलूकी की और दोनों के बीच धक्का-मुक्की तथा हाथापाई तक हो गई। अस्पताल में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्टाफ ने किसी तरह स्थिति को संभाला।

आरक्षक महेंद्र साहू की इस हरकत से न केवल पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई, बल्कि रात्रि कालीन अस्पताल स्टाफ की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने बताया कि रात की ड्यूटी में वे खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं, क्योंकि अक्सर ऐसे नशे में धुत या आक्रामक लोग अस्पताल पहुंच जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

पुलिस विभाग ने महेंद्र साहू को तत्काल निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में वह मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा और विभागीय गणनाओं में उपस्थिति देना अनिवार्य रहेगा। नियमानुसार उसे जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

यह घटना न केवल पुलिस की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अस्पतालों में कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को भी उजागर करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post