बिलासपुर रेल मंडल की महिला बॉक्सर सना माचू ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्हें इंग्लैंड के लिवरपूल में 4 से 14 सितंबर तक आयोजित होने वाली विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। सना वर्तमान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल में सीसीटीसी पद पर कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सना को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सना का चयन न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि राज्य की बेटियों की मेहनत, समर्पण और आत्मबल का परिचायक है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सना अपने प्रदर्शन से भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी और आने वाली युवा पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेंगी।