**छत्तीसगढ़: महिला नगर सैनिक की गला दबाकर हत्या, पति ने थाने जाकर किया जुर्म कबूल, शक ने लिया खूनी रूप**
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कस्तूरबा हॉस्टल में पदस्थ 32 वर्षीय महिला नगर सैनिक ओमिका ध्रुव की हत्या उसके ही पति सोहन साहू ने कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद आरोपी खुद पाण्डुका थाने पहुंचा और पुलिस को अपना जुर्म कबूल कर लिया।
**लव मैरिज का दुखद अंत**
करीब 10 साल पहले ओमिका और सोहन ने प्रेम विवाह किया था। दोनों मुरमुरा गांव के निवासी थे और दो बच्चों के माता-पिता भी। मगर वक्त के साथ रिश्तों में दरार आने लगी थी। बताया जा रहा है कि पति को पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होते रहते थे।
**छुट्टी पर घर आई थी, वापस लौटते वक्त हुई वारदात**
ओमिका पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। हॉस्टल ड्यूटी से छुट्टी लेकर वह घर आई हुई थी। रविवार को वह पति के साथ बाइक से वापस ड्यूटी ज्वाइन करने जा रही थी। रास्ते में गांव से करीब 10 किमी दूर अचानक दोनों में बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर सोहन ने वहीं सड़क किनारे ओमिका का गला दबाकर उसकी जान ले ली।
**थाने पहुंचकर बोला – 'मैंने अपनी पत्नी को मार डाला'**
हत्या के बाद आरोपी सीधे पाण्डुका थाने पहुंचा और पुलिस के सामने कहा, "मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है।" सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। महिला के गले पर नाखून के गहरे निशान पाए गए हैं, जो गला दबाने की पुष्टि करते हैं।
**जांच जारी, इलाके में आक्रोश**
फिलहाल आरोपी हिरासत में है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एक दशक पुराने प्रेम विवाह का इस तरह खौफनाक अंत होना पूरे इलाके को झकझोर गया है। पुलिस इस मामले को गहराई से जांच रही है, ताकि साफ हो सके कि क्या यह महज शक था या इसके पीछे कोई और वजह भी छुपी है।
