रायपुर, 30 जुलाई 2025 — छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रालय परिसर में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की एक अहम बैठक जारी है। यह बैठक कई दृष्टिकोणों से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें राज्य के रजत जयंती समारोह की विस्तृत रूपरेखा को अंतिम स्वरूप दिए जाने के साथ-साथ खाद संकट, योजनाओं की प्रगति और जनसंपर्क अभियान पर भी गहन चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री सहित राज्य के सभी मंत्री इस बैठक में उपस्थित हैं।
दो चरणों में मनेगा राज्य का रजत जयंती वर्ष
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें स्थापना वर्ष—रजत जयंती समारोह—को भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने की रूपरेखा पर चर्चा हो रही है। यह आयोजन दो चरणों में संपन्न किया जाएगा। पहला चरण 15 अगस्त 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 1 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राज्य के सभी विभागों को अलग-अलग विषयों पर आधारित आयोजन करने के निर्देश दिए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, रजत जयंती समारोह के आयोजन हेतु विशेष बजट की स्वीकृति का प्रस्ताव मंत्रिपरिषद के समक्ष रखा गया है, जिस पर मुहर लगने की संभावना है। प्रत्येक विभाग से आयोजन से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
इस दौरान छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय भी कैबिनेट में लिया जा सकता है। साथ ही राज्य की सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षिक और औद्योगिक प्रगति को दर्शाने वाले कार्यक्रम भी आयोजन का हिस्सा होंगे।
खाद संकट पर सरकार ले सकती है बड़ा फैसला
कैबिनेट बैठक का दूसरा अहम एजेंडा खरीफ सीजन में खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर है। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष ने खाद की कमी और वितरण में अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरा था। इस पृष्ठभूमि में कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर सरकार स्थिति स्पष्ट कर सकती है।
बैठक में खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा के साथ-साथ आगामी समय में मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई जा रही है। कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के कई जिलों में यूरिया, डीएपी और अन्य जरूरी खाद की आपूर्ति में असंतुलन देखा गया है। ऐसे में सरकार खाद आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करने के लिए नई व्यवस्था लागू कर सकती है।
योजनाओं की प्रगति और विभागीय प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी पेश की जा रही है। खासकर स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, सिंचाई, और नगरीय विकास से संबंधित प्रस्तावों पर कैबिनेट में विचार किया जा रहा है। कुछ नई योजनाओं को आगामी वित्तीय वर्ष में लागू करने की संभावना भी जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, नगरीय प्रशासन विभाग ने रजत जयंती वर्ष को ध्यान में रखते हुए नगर beautification और heritage conservation प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतीकरण किया है, जिन पर आज की बैठक में मुहर लग सकती है।
जनसंपर्क अभियान को लेकर होगी विशेष रणनीति
कैबिनेट बैठक में रजत जयंती समारोह को राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की योजना पर भी चर्चा हो रही है। जनसंपर्क विभाग इस दौरान विशेष मीडिया प्लान, डिजिटल कैंपेन, प्रचार रथ, और सोशल मीडिया अभियान चलाने की योजना बना रहा है। इसके तहत प्रत्येक जिले में राज्य की प्रमुख उपलब्धियों को लेकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।